- This event has passed.
नेत्र चिकित्सा शिविर में 1000 से अधिक लाभान्वित, 11 मई को होंगे ऑपरेशन, रजिस्ट्रेशन के लिए लगी लंबी कतारें
May 2, 2025 - July 20, 2025

बीकानेर। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल द्वारा मजदूर दिवस के अवसर पर अनाज मंडी परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बीछवाल, खारा और अनाज मंडी क्षेत्र के श्रमिकों, पल्लेदारों एवं उनके परिवारजनों सहित कुल 1067 लोगों की नेत्र जांच की गई।
शिविर में जांच के दौरान जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता पाई गई, उनका निःशुल्क ऑपरेशन 11 मई को जयपुर में किया जाएगा। ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों को 11 मई को किसान भवन से जयपुर रवाना किया जाएगा और इस मौके पर उन्हें काले चश्मे भी दिए जाएंगे।
इस सेवा कार्य की शुरुआत जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि, पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर, महंत विमर्शानंद गिरी, शताक्षी सेवा संस्थान के महंत डॉ. करणी प्रताप सिंह और व्यापार उद्योग मंडल अध्यक्ष जुगल राठी ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर की।
जिला कलक्टर ने इस अवसर पर कहा कि “निस्वार्थ भाव से की गई सेवा ही सच्ची सेवा होती है,” और व्यापार मंडल को राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ श्रमिकों तक पहुँचाने के लिए प्रयास करने चाहिए।
महंत विमर्शानंद गिरी और डॉ. करणी प्रताप सिंह ने भी आयोजन को सेवा का सशक्त माध्यम बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। डॉ. सिंह ने बताया कि यह अभियान शताक्षी सेवा संस्थान के ‘दृष्टि जहां, सृष्टि वहां’ मिशन का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य एक लाख जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे वितरित करना है।
शिविर में वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. निर्मल मुगल और डॉ. बी.एल. वर्मा ने अपनी सेवाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन किशन लोहिया ने किया और व्यापार मंडल के सचिव संजय सांड व विजय बाफना ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
शिविर में सुबह 7 बजे से ही रजिस्ट्रेशन व टोकन लेने के लिए लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। जांच के लिए आए श्रमिकों ने कहा कि “शताक्षी संस्था और व्यापार मंडल ने हमारे लिए इस दिन को अविस्मरणीय बना दिया है।”